- Hindi News
- Business
- 2022 ; Inflation Will Decrease This Year, Interest Rates Will Increase; Double Digit Growth In Salary
नई दिल्ली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
साल 2022 में क्या अहम बदलाव होंगे, इसे लेकर पिछले दो हफ्तों में दुनियाभर में सैकड़ों एनालिसिस प्रकाशित हुए हैं। इकोनॉमिक्स के रिसर्चर निक रॉतले, कारमैन आंग और डोरोते नेउफेल्ड ने आईएमएफ, गोल्डमैन सॉक्स, डेलॉयट, ब्लूमबर्ग, इकोनॉमिस्ट, फिच सॉल्यूशंस, मॉर्गन स्टेनली, फोर्ब्स, एमआईटी, पीडब्ल्यूसी, वुड मैकन्जी समेत 300 एजेंसियों की रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों के ताजा इंटरव्यू का अध्ययन किया है। सबसे ज्यादा एजेंसियां और विशेषज्ञ दुनिया में जिन 10 ट्रेंड्स के उभरने या बने रहने पर 100% आश्वस्त हैं, वे इस प्रकार हैं…
महंगाई घटेगी, ऐसा कहने वाले 44 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त हैं, जबकि महामारी के संपूर्ण खात्मे को लेकर सबसे कम 6 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त हैं।
महंगाई कम होगी, लेकिन धीरे-धीरे: 44 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
कोरोनाकाल के दौरान 150 से ज्यादा देशों में महंगाई दर सामान्य से अधिक रही है। अप्रैल के बाद इसमें राहत की उम्मीद है, लेकिन महंगाई बढ़ने की दर कम होने में 9 से 12 महीने लग जाएंगे। खाद्य महंगाई बढ़ने की दर तेजी से घटेगी, जबकि अन्य वस्तुओं की महंगाई दर धीरे-धीरे घटेगी।
ब्याज दरें बढ़ेंगी,अप्रैल से शुरुआत: 43 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
अमेरिका, ब्रिटेन समेत सभी प्रमुख देशों में कर्ज या बैंक में राशि जमा करने पर ब्याज बढ़ेगा। वित्तवर्ष 2022-23 की शुरुआत में ही अमेरिकी फेडरल रिजर्व, यूरोपियन सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ इंग्लैंड और पीपल्स बैंक ऑफ चाइना दरें बढ़ाने शुरू करेंगे, जिसका असर दुनियाभर में दिखेगा।
क्रिप्टो करेंसी बढ़ने की रफ्तार कायम: 16 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
निवेश के लिए सबसे ज्यादा जोखिम वाली क्रिप्टो करेंसी में आगे भी तेजी बनी रह सकती है। बेशक ज्यादातर देश इसे सरकारी मान्यता से दूर ही रखेंगे, लेकिन इसमें होने वाला निवेश लगातार बढ़ सकता है। क्योंकि, शेयर बाजार में निवेश करने वाले दुनिया के 99% लोग अब तक इससे दूर हैं।
यह साल वर्कर्स के वर्चस्व वाला होगा: 15 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
अमेरिका और यूरोप में नौकरी छोड़ने का ट्रेंड लगातार बना हुआ है, जो कंपनियों को अच्छे वर्कर्स के लिए पसंदीदा पैकेज देने के लिए मजबूर कर रहा है। ब्रिटेन-फ्रांस-जर्मनी-इटली जैसे देशों में इसकी शुरुआत हो चुकी है। कुशल कामगारों के वेतन में इस साल डबल डिजिट ग्रोथ हो सकती है।
‘वेब 3’ का प्रचलन तेजी से बढ़ेगा: 12 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
‘वेब 3’ इंटरनेट के डी-सेंट्रलाइजेशन का स्वरूप है। अभी हम ‘वेब 2.0’ इस्तेमाल करते हैं। इसका पूरा कंट्रोल संबंधित टेक कंपनी के पास रहता है, जबकि ‘वेब 3’ ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी से चलती है। इसमें डेटा किसी एक सर्वर में नहीं होता। क्रिप्टो नेटवर्क भी इसी से चलता है।
युद्ध जैसे हालात से विश्व प्रभावित होगा: 11 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
अमेरिका-ईरान में चली आ रही खींचतान और बढ़ेगी। इजरायल-ईरान में भी तकरार नहीं थमेगी। दूसरी ओर, यूक्रेन में रूसी दखल यूरोप में युद्ध के हालात बनाएगा। यहां भी अमेरिका बनाम रूस का नया मोर्चा बन रहा है। वहीं, ताइवान पर बढ़ता चीनी दबाव युद्ध का रूप ले सकता है।
शेयरों से रिटर्न पहले से कम हो सकता है: 9 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
साल 2021 शेयर बाजार से कमाई के नजरिए से सबसे बेहतर रहा है। दुनियाभर के बाजारों ने 20% से ज्यादा रिटर्न दिया है, लेकिन 2022-23 में शेयर बाजार से मिलने वाला रिटर्न सिंगल डिजिट में रह सकता है। बाजार में वॉलेटिलिटी बनी रहेगी, जैसी 2021 में रही थी।
ई-व्हीकल का बैनर ईयर, सस्ते विकल्प: 8 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
2022-23 में ई-व्हीकल्स के सैकड़ों विकल्प बाजार में आएंगे। इससे दो सीधे फायदे होंगे। पहला- कंपनियों पर ई-व्हीकल्स के दाम कम करने का दबाव बढ़ेगा। दूसरा- यूरोप के दो दर्जन देशों में पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहन बंद करने के प्लान तैयार होंगे। डेडलाइन सामने आएंगी।
रेनसमवेयर अटैक तेज हो सकते हैं: 8 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
दुनियाभर में काम का डिजिटलाइजेशन जिस तेजी से बढ़ा, उससे साफ है कि बड़ी टेक कंपनियों की ग्रोथ लगातार बनी रह सकती है। लेकिन, जिस तेजी से रेनसमवेयर अटैक बढ़ रहे हैं, उससे यह भी आशंका है कि साइबर सिक्योरिटी के मोर्चे पर दुनियाभर में चुनौतियां बढ़ सकती हैं।
अमीर देश कोरोना खत्म कर सकते हैं: 6 विशेषज्ञ 100% आश्वस्त
यूरोप के अमीर देश महामारी के खात्मे के आखिरी चरण में होंगे। वहां वैक्सीन के बूस्टर डोज और नई दवाओं की वजह से कोरोना से होने वाली मौतों को लगभग शून्य करने में मदद मिलेगी। मध्यम आय और कम आय वाले देशों में कोरोना से मौतों का खतरा बना रहेगा।
Stay connected with us on social media platform for instant update click here to join our Twitter, & Facebook
We are now on Telegram. Click here to join our channel (@TechiUpdate) and stay updated with the latest Technology headlines.
For all the latest Business News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.