स्पोर्ट्स डेस्क2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
वनडे वर्ल्ड कप 2023 का पहला और सबसे बड़ा उलटफेर अफगानिस्तान ने कर दिखाया। टीम ने 2019 की चैंपियन इंग्लैंड को 69 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रहमानुल्लाह गुरबाज ने 80 और इकराम अलीखिल ने 58 रन की पारी खेलकर अफगानिस्तान को 284 रन तक पहुंचाया।
285 रन का टारगेट चेज करते हुए इंग्लैंड से हैरी ब्रूक ही फिफ्टी लगा पाए, बाकी बैटर्स कुछ खास नहीं कर सके। अफगानिस्तान की स्पिन तिकड़ी ने मिलकर 8 विकेट झटके। इनमें राशिद खान और मुजीब उर रहमान को 3-3 सफलताएं मिलीं, जबकि अनुभवी मोहम्मद नबी ने 2 विकेट लिए।
इस स्टोरी में हम डिफेंडिंग वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड पर अफगानिस्तान की ऐतिहासिक जीत के 4 टर्निंग पॉइंट्स जानेंगे…
टर्निंग पॉइंट-1: इंग्लैंड का खराब बॉलिंग कॉम्बिनेशन
नई दिल्ली की पिच पर इंग्लैंड टीम ने स्पिन ऑलराउंडर मोईन अली को नहीं खिलाया। टीम 4 पेसर और एक स्पिनर साथ खेलने उतरी। इसी का खामियाजा उन्होंने भुगता। 4 पेसर्स ने 29 ओवर में 189 रन दिए, जिनमें सैम करन और क्रिस वोक्स के 8 ओवर में तो 87 रन बन गए। टीम ने पार्ट टाइम स्पिनर जो रूट और लियम लिविंगस्टन से बॉलिंग कराई, जिन्होंने लेग स्पिनर आदिल रशीद का साथ दिया। टीम के स्पिनर्स ने कुल 5 विकेट निकाले और महज 3.91 के इकोनॉमी से रन दिए। अगर मोईन भी खेलते तो अफगानिस्तान टीम बहुत पहले भी ऑलआउट हो सकती थी।

इंग्लैंड के सैम करन और क्रिस वोक्स ने 8 ही ओवर बॉलिंग की। उनके खिलाफ 10.87 रन प्रति ओवर के हिसाब से 87 रन बने। दोनों एक भी विकेट नहीं ले सके।
टर्निंग पॉइंट-2: ओपनर्स तो चले ही टैलेंडर्स ने भी रन बनाए
इंग्लैंड ने स्पिनर्स के दम पर 190 रन तक अफगानिस्तान के 6 विकेट गिरा दिए थे। यहां से अफगानिस्तान के टैलेंडर्स ने बेहतरीन बैटिंग की और आखिरी 14 ओवर में 94 रन बना दिए। विकेटकीपर इकराम अलीखिल जरूर एक एंड पर टिके रहे, उन्होंने 58 रन की पारी खेली। लेकिन उनके साथ राशिद खान ने 23 और मुजीब उर रहमान ने अहम 28 रन बनाए। टैलेंडर्स से पहले ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज (80 रन) और इब्राहिम जादरान (28 रन) ने 114 रन की पार्टनरशिप कर बड़े स्कोर की नींव रखी थी।

टर्निंग पॉइंट-3: इंग्लैंड ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवाए
दिल्ली की बैटिंग पिच 285 रन का टारगेट इतना बड़ा भी नहीं था। लेकिन इंग्लैंड ने खराब बैटिंग की, टीम में किसी ने भी पार्टनरशिप बनाने पर ध्यान नहीं दिया। बैटर्स लापरवाही से खेले और लगातार विकेट गंवाते चले गए। हैरी ब्रूक ने 66 रन बनाकर एक एंड से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन उनके सामने गिरते विकेट के चलते उन पर भी दबाव आया और टीम रन चेज में पीछे छूट गई। कप्तान जोस बटलर 9, अनुभवी जो रूट 11 और जॉनी बेयरस्टो 2 ही रन बना सके।

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर महज 9 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें नवीन-उल-हक ने बोल्ड किया।
टर्निंग पॉइंट-4: अफगानिस्तान के स्पिनर्स रहे गेमचेंजर
इंग्लैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की ऐतिहासिक जीत में स्पिनर्स का रोल सबसे अहम रहा। शुरुआती 10 ओवरों में फिंगर स्पिनर मुजीब उर रहमान ने दबाव बनाया और रूट को बोल्ड किया। मिडिल ओवर्स में अनुभवी मोहम्मद नबी ने 2 और राशिद खान ने 3 विकेट लेकर इंग्लिश बैटिंग को तहस-नहस कर दिया। मुजीब ने अपना स्पेल 3 विकेट लेकर खत्म किया, उन्होंने रूट के अलावा हैरी ब्रूक और क्रिस वोक्स के अहम विकेट भी लिए। मुजीब ने बैटिंग में 16 ही गेंद पर 28 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।


5वीं बार उलटफेर का शिकार हुआ इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में 5वीं बार उलटफेर का शिकार हुई। इससे पहले 1992 में टीम को जिम्बाब्वे ने 9 रन से हराया। 2011 में टीम को आयरलैंड ने 3 और बांग्लादेश ने 2 विकेट से हराया था। वहीं 2015 में भी इंग्लैंड को बांग्लादेश ने ही 15 रन से हराकर उलटफेर किया था।
अब 2023 में अफगानिस्तान ने 69 रन से हराकर इंग्लैंड को 5वीं बार वर्ल्ड कप में उलटफेर का कड़वा स्वाद चखाया। इतना ही नहीं, इंग्लैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 2 बार नीदरलैंड से भी हार कर उलटफेर का शिकार हो चुकी है।

14 लगातार हार के बाद जीता अफगानिस्तान
अफगानिस्तान को वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 14 मैच हारने के बाद जीत मिली। टीम को आखिरी जीत 2015 के वर्ल्ड कप में मिली थी, तब उन्होंने स्कॉटलैंड को एक विकेट से हराया था। ये टीम की पहली वर्ल्ड कप जीत भी थी। वर्ल्ड कप में टीम ने कुल 18 मुकाबले खेले हैं, 16 में हार और महज 2 में टीम को जीत मिली।

अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप में लगातार 14 मैच हारने के बाद जीत दर्ज की।
पॉइंट्स टेबल में 10वें नंबर पर पहुंचा 5 बार का चैंपियन ऑस्ट्रेलिया
इंग्लैंड पर ऐतिहासिक जीत के बाद अफगानिस्तान टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें से छठे नंबर पर पहुंच गई। टीम के 3 मैच में 2 हार और एक जीत से 2 पॉइंट्स हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड के पास भी 3 मैच में 2 हार और एक ही जीत है, लेकिन बेहतर रन रेट के कारण टीम 5वें नंबर पर है।
अफगानिस्तान की जीत के बाद 5 बार की वनडे वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें नंबर पर पहुंच गई। टीम ने 2 मैच खेले और दोनों में उन्हें हार मिली। श्रीलंका और नीदरलैंड ने भी 2-2 मुकाबले गंवाए हैं लेकिन खराब रन रेट के कारण कंगारू टीम 10वें नंबर पर है।
नीचे लगे क्रिएटिव में देखें पॉइंट्स टेबल…

स्पोर्ट्स की ये खबर भी पढ़ें…
वर्ल्ड कप 2023 का पहला उलटफेर: डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को अफगानिस्तान ने 69 रन से हराया
वनडे वर्ल्ड कप 2023 का सबसे बड़ा उलटफेर रविवार को हुआ। अफगानिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए उसे 69 रन से हरा दिया। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी, अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 49.5 ओवर में 284 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 215 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

Stay connected with us on social media platform for instant update click here to join our Twitter, & Facebook
We are now on Telegram. Click here to join our channel (@TechiUpdate) and stay updated with the latest Technology headlines.
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.